जादू के माध्यम से यातायात नियमों की दी जानकारी
मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत जन जागरूकता को बाइक रैली निकाली गई। शारदेन स्कूल में जादू शो के माध्यम से यातायात नियमों की जानकारी दी। भोपा बस स्टैंड पर शिविर लगाकर वाहन चालकों की आंखों की जांच कर उन्हें सलाह दी गई है।
मंगलवार को सड़क सुरक्षा सप्ताह वाली टीशर्ट पहने बाइक सवारों की रैली को एसपी ट्रैफिक बीबी चौरसिया, एआरटीओ राजीव कुमार बंसल ने एआरटीओ कार्यालय के बाहर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली मीनाक्षी चौक, महावीर चौक, शिव चौक, जिला अस्पताल, रामपुर तिराहा होते हुए अंसारी रोड, महावीर चौक, सुजड़ू चुंगी होते हुए पुन: एआरटीओ कार्यालय पहुंचकर संपन्न हुई। रैली में एनसीसी कैडेट्स, दोपहिया वाह डीलर्स, टैंपो और टैक्सी यूनियन ने प्रतिभाग किया। रैली में शामिल 450 प्रतिभागी हाथों में जागरूकतापरक स्लोगन लिखी पट्टियां लेकर चल रहे थे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से भोपा बस स्टैंड पर शिविर लगाकर 95 बस, टैंपो, टैक्सी एवं ई-रिक्शा चालकों की आंखों की जांच की गई। बाद में शारदेन पब्लिक स्कूल, केंद्रीय विद्यालय, महावीर चौक तथा बुढ़ाना में जादू शो के माध्यम से यातायात नियमों के प्रति जागरूकता फैलाई गई। शारदेन पब्लिक स्कूल में जादूगर सम्राट ने जादू के कई करतब दिखा कर मनोरंजन किया। छात्र-छात्राओं को यातायात के नियमों के बारे में बताया। मुख्य अतिथि एआरटीओ राजीव कुमार बंसल ने छात्र-छात्राओं को शपथ दिलाई। कहा कि वाहन चलाते हुए यातायात नियमों का पालन करें। सड़क पर चलने वाले लोगों का ध्यान रखें तथा दूसरों को भी जागरूक करें। घायल व्यक्ति की सहायता करें। एसपी ट्रैफिक बीबी चौरसिया ने कहा कि बिना सीट बेल्ट और बिना हेलमेट लगाए अपने माता -पिता या अन्य किसी परिजन को वाहन न चलाने दें। युवा जागरूक होंगे, तभी सब जागरूक होंगे। कुछ युवा सड़कों पर वाहनों से स्टंड करते हैं। इससे भयानक दुर्घटनाएं होती हैं। 18 साल से कम आयु वालों को वाहन नहीं चलाना चाहिए। स्कूल प्रबंधक विश्व रतन ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।