गाय और गंगा की रक्षा करने में बीजेपी फेल: सपा
मुजफ्फरनगर। समाजवादी पार्टी की सामाजिक न्याय प्रजातंत्र बचाओ साइकिल यात्रा को सफल बताते हुए सपा युवजन सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास यादव ने कहा कि भाजपा ने झूठ बोलकर सत्ता हासिल की और समाज को बांटने का काम किया। प्रदेश को आगे बढ़ाने की सोच और नीति केवल सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के पास ही है। गाय और गंगा के नाम पर जनता को केवल छला गया है। गंगा कहीं भी साफ नहीं हुई।
सपा कार्यालय पर पत्रकारों से वार्ता में युवजन सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास यादव एवं पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अतुल प्रधान ने कहा कि साइकिल यात्रा को हर वर्ग और समुदाय के लोगों का समर्थन मिल रहा है। समाज को बांटने काम कर रही भाजपा ने झूठ बोलकर सत्ता हासिल की। गाय और गंगा की बात करने वालों ने कुछ नहीं किया। पीएम नरेंद्र मोदी जनता को बताएं कि क्या चार साल में 10 मीटर भी गंगा साफ हो पाई। गाय के संरक्षण के लिए उनकी सरकार ने कितना बजट दिया। गाय केवल किसानों की माता है, जो उसकी सेवा करते हैं और उनको फल भी मिलता है, लेकिन भाजपा ने भारतीय संस्कृति में पूजनीय गाय को वोट की माता बनाकर रख दिया है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने गाय के संरक्षण के लिए अभूतपूर्व कार्य किए हैं, जितना बजट सपा सरकार में इसके लिए दिया गया, उसके मुकाबले भाजपा सरकारों ने कुछ भी नहीं किया, केवल झूठ बोला गया। भाजपा का कोई नेेता अखिलेश की राजनीति का मुकाबला करने की स्थिति में नहीं है। गन्ना मंत्री अपने परिजनों का ही गन्ना बकाया मूल्य का भुगतान कराने में सक्षम नहीं हो पा रहे हैं, वो आम किसान की क्या मदद कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि सड़कों को गड्ढा मुक्त करने की पोल सड़कों के गड्ढे ही खोल रहे हैं। 2019 में जनता इनको जवाब देने जा रही है। 2022 में सपा सत्ता में आई तो भाजपा सरकार में हुई भर्तियों की जांच कराएंगे और बंद की गई जन कल्याणकारी योजनाओं को पुन: शुरू कराएंगे। बताया कि प्रदेश में कई स्थानों से एक साथ प्रारंभ हुई सामाजिक न्याय यात्रा 23 को दिल्ली में एक साथ समाप्त होगी। इस मौके पर पार्टी के जिलाध्यक्ष गौरव स्वरूप, प्रमोद त्यागी, जिया चौधरी, वसी अंसारी, अंसार आढती, राकेश शर्मा, अनस खान, लियाकत अली, महेश बंसल, निधिश राज गर्ग, हाजी इकबाल अहमद, काजी अरशद, सोमपाल भाटी, शलभ गुप्ता, जनार्दन विश्वकर्मा, शमशाद अहमद, राकिब कुरैशी आदि मौजूद रहे।