बुढ़ाना। जूनियर हाईस्कूल राजपुर-छाजपुर में आयोजित संस्कार चेतना समारोह में मुख्य अतिथि आचार्य गुरुदत्त आर्य ने कहा कि विद्यालय राष्ट्र निर्माण की इकाई तथा बालक राष्ट्र के भविष्य निर्माता होते हैं।
तहसील क्षेत्र के जूनियर हाईस्कूल राजपुर-छाजपुर में शुक्रवार को संस्कार चेतना समारोह का आयोजन हुआ। पधारे आचार्य गुरूदत्त आर्य ने कहा कि राष्ट्र के निर्माण में विद्यालय व बच्चों का विशेष योगदान होता है। बच्चों का शरीर मन व बुद्धि ओर आत्मा को सुसंस्कृत बनाना संस्कार है। बच्चों में अपने बड़ों तथा माता पिता का सत्कार, सेवा व आज्ञापालन की भावना होनी चाहिए। अनुशासन, देशभक्ति ओर सद्गुणों को जीवन में गृहण करना ही संस्कार है। शिक्षक ओर संस्कार से ही बच्चों को योग्य नागरिक बनाया जा सकता है।
प्रधानाचार्य ब्रजपाल राठी ने कहा कि बच्चों का गुणवान व ज्ञानवान बनाना शिक्षक व माता-पिता का कर्तव्य है। बच्चे माता-पिता का दर्पण होते है। शिक्षक के आचरण, योग्यता व चरित्र का बच्चों पर विशेष प्रभाव पड़ता है। मौके पर विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष ने आचार्य गुरूदत्त आर्य को शाल उढ़ाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के बाद बच्चों को ड्रेस का वितरण किया गया। विद्यालय प्रांगण में वृक्षारोपण किया गया। कार्यक्रम में ब्रजपाल शर्मा, जीत सिंह, धीर सिंह, दीपक वर्मा, गरिमा, मनोज, अजय आदि सहित स्कूल का सारा स्टाफ मौजूद रहा।