तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई, युवक की मौत
देर रात बसेड़ा से सहारनपुर लौट रहा था युवक
अमर उजाला ब्यूरो
छपार। शनिवार देर रात बसेड़ा से सहारनपुर लौट रहे युवक की तेज रफ्तार कार तेजलहेड़ा चौराहे के निकट अचानक बेकाबू होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में कार सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
सहारनपुर निवासी जयदीप राणा पुत्र कंवरपाल राणा शनिवार दोपहर किसी काम से अपनी कार लेकर छपार थाना क्षेत्र के गांव बसेड़ा में आया था। देर रात करीब 9.30 बजे जयदीप राणा बसेड़ा से घर लौट रहा था। जैसे ही वह तेजलहेड़ा चौराहे के निकट पहुंचा, अचानक उसकी तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार के परखचे उड़ गए, जिससे कार चला रहे जयदीप की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार से शव को निकालकर उसकी शिनाख्त कराते हुए पीड़ित परिजनों को हादसे की जानकारी देते हुए शव को मोर्चरी भेज दिया।
बागोवाली में तेज बारिश से गिरा मकान, परिजन बचे
मुजफ्फरनगर। नई मंडी क्षेत्र के गांव बागोवाली में शनिवार शाम के समय चार दिन से लगातार हो रही तेज बारिश के चलते इलियास का कच्चा मकान धराशायी हो गया। गनीमत रही कि मकान गिरने से चंद मिनट पहले ही परिजन व बच्चे उक्त मकान से निकल गए थे, जिसके चलते किसी तरह की जनहानि नहीं हो पाई। हालांकि गृहस्वामी इलियास मलबे की चपेट में आकर मामूली रूप से घायल हो गया, जिसे गांव में ही उपचार दिलाया गया। ग्रामीणों ने प्रशासनिक अफसरों से इलियास को आर्थिक मदद दिए जाने की मांग की है।
पीएम मोदी करेंगे निरंकार स्वरूप को सम्मानित
मुजफ्फरनगर। पीएम मोदी रविवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में होने वाले समारोह में टिकौला शुगर मिल के डायरेक्टर निरंकार स्वरूप का सम्मानित करेंगे। निरंकार स्वरूप को इसके लिए निमंत्रण पत्र मिला है। उन्होंने टिकौला शुगर मिल की विस्तारिकरण की योजना बनाई है। इसी के लिए उन्हें सम्मानित किया जाएगा।