प्रदेश में शराबबंदी के लिए प्रदर्शन
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश में शराबबंदी और शराब के ठेकों पर हो रहे अतिक्रमण को हटवाने की मांग को लेकर जद (यू) के कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। मांगों को लेकर डीएम को एक ज्ञापन दिया गया।
जनतादल (यू) के जिलाध्यक्ष रोहन त्यागी ने कहा कि शराब एक सामाजिक बुराई है, जिससे लड़ने के लिए समाज को एकजुट होना होगा। उन्होंने शहर आर्य समाज द्वारा शराब बंदी पर समर्थन देने के लिए आभार जताया। मंडल अध्यक्ष महेश चौहान ने कहा कि जिले में विभिन्न स्थानों पर महिलाएं शराब के ठेके हटाने को लेकर प्रदर्शन कर चुकी हैं। डीएम राजीव शर्मा को इस संबंध में ज्ञापन दिया गया। शराफत अब्बासी, संजय धनगर, बिजेंद्र मलिक, वसीम, दिलशाद, अंशुल पाल, संजय तोमर, उस्मान अंसारी, समीर अब्बासी, दीपक त्यागी, गजेंद्र राणा, शादाब, गुलबहार आदि रहे।