मुजफ्फरनगर। शहर से सटे गांव सरवट में पूरा परिवार फूड प्वाइजनिंग का शिकार हो गया। परिजनों ने प्रतिष्ठित कंपनी के दूध की चाय पीने के बाद हालत बिगड़ने की बात कही, जिसके बाद उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव सरवट निवासी शादाब पुत्र शमशूद्दीन सोमवार शाम को एक दुकान से प्रतिष्ठित कंपनी के दूध का पैकेट लाया था। परिजनों के अनुसार, मंगलवार सुबह इसी दूध का इस्तेमाल कर चाय बनाई गई, जिसे परिवार के छह सदस्यों ने एक साथ पी। आरोप है कि उक्त चाय पीते ही सभी सदस्यों की हालत बिगड़ गई और उन्हें उल्टी-दस्त व चक्कर आने की शिकायत हो गई। परिजनों ने गांव के ही एक डॉक्टर से दवा ली, लेकिन कोई आराम नहीं हुआ, जिसके बाद शाम करीब चार बजे सभी लोगों को जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया। विषाक्त दूध का शिकार होने वाले लोगों में शादाब के साथ ही उसकी पत्नी सलमा, दो सगी बहनें जरीन व सफिया पुत्री शान मौहम्मद, नाजिया पुत्री कमरूद्दीन व अनवर पुत्र कमरूद्दीन शामिल हैं। जिला अस्पताल में उपचार के बाद अनवर को छुट्टी दे दी गई, जबकि अन्य सभी सदस्यों को जिला अस्पताल में ही भर्ती रखा गया है।