चरथावल। कस्बे में मुख्य मार्ग पर लगने वाली शुक्रवार की साप्ताहिक पैंठ से जाम के कारण लोगों को भीषण गर्मी में परेशान होना पड़ा। सड़क पर लगने वाली दुकानों के कारण जाम में आए दिन हादसे हो रहे है। इसके अलावा जय हिंद इंटर कॉलेज के सामने मुख्यमार्ग पर सब्जी की आढ़त लगने से रोजाना जाम से लोग हलकान हो चुके हैं। एसओ की पहल पर ईओ ने खुसरोपुर मार्ग पर अगली बार से साप्ताहिक पैंठ लगाने का फरमान जारी किया है।
शुक्रवार को अरसे से साप्ताहिक पैंठ कस्बे में बस स्टैंड से थाने और जयहिंद इंटर कॉलेज के सामने लगती है। जिससे वाहनों की लंबी कतार लगती है। थाने के सामने पुलिया का निर्माण होने से थाने घंटों तक कई दर्जन वाहनों को लंबे जाम से जूझना पड़ा। लकड़ी से भरा एक ट्रैक्टर पुलिया पर दलदल होने के कारण पलट गया। पुलिस पहले कई बार पैंठ को मैन रोड से हटवाने का प्रस्ताव एसडीएम को भेज चुकीं थी। लेकिन पहले सपा सरकार में राज नेताओं के दबाव में पैंठ को हटाने की जहमत प्रशासन नहीं कर सका। शुक्रवार को लगे लंबे जाम को खुलवाने में पुलिस को पसीना बहाना पड़ा। उसके बाद एसएचओ विंध्याचल तिवारी ने नगर पंचायत को जनहित में मुख्य मार्ग से साप्ताहिक पैंठ हटाने के लिए पत्र लिख दिया। एसओ की पहल कें बाद ईओ अनूप राय ने मुनादी कराकर अगले शुक्रवार से पैंठ दुकानदारों को मुख्यमार्ग से हटाकर खुसरोपुर मार्ग पर लगाने की हिदायत दी। एसओ ने बताया कि यदि किसी दुकानदार ने सड़क पर दुकानें सजाई, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उधर, सुशील कश्यप, अमित गर्ग, कुलदीप त्यागी ने जिलाधिकारी से इसी मार्ग पर जयहिंद इंटर कॉलेज के सामने लगने वाले सब्जी की आढ़त का हटाकर वैकल्पिक व्यवस्था कराने की मांग की, ताकि मुख्य मार्ग पर आए दिन लगने वाले जाम से मुक्ति मिल सके।