दो दिन बाद भी बिजली नसीब नहीं
तितावी। शुक्रवार शाम को आंधी ने हर जगह जमकर तबाही मचाई। आंधी के कारण आम, लीची, आडू व अन्य फसलों को भी भारी नुकसान हुआ। जगह जगह बिजली के खंभे व तार टूट गए। बघरा क्षेत्र में पिछले दो दिन से बिजली आपूर्ति बाधित है। बघरा बिजलीघर के जेई मदन सैन कर्मचारियों को साथ लेकर बघरा फीडर पर लगातार बिजली आपूर्ति बहाली के प्रयास में लगे हुए हैं। बिजलीघर के सभी लाइनमैन पिछले दो दिन से सुबह छह बजे से टूटे खंभे व तारों को जोड़ने में जुटे हैं। शनिवार की देर रात तक बिजली के तारों को जोड़ने व टूटे खंभे गाड़ने का कार्य चला। इसके बावजूद अभी तक बिजली आपूर्ति सुचारु नहीं हो सकी है। बिजली नहीं आने से भीषण गर्मी में लोगों का हाल बेहाल हो रहा है। रोजेदार भी बिजली बाधित होने से परेशान हैं। जेई मदन सैन ने कहा है कि बिजलीघर के सभी कर्मचारी दिन रात लाइनों को ठीक करने में लगे हुए हैं। शीघ्र ही बिजली आपूर्ति सुचारु हो जाएगी।