रतनपुरी/खतौली। गांव सठेड़ी रजबाहे के पास पंजाब से बिजनौर को ट्रॉली और मिट्टी खुदाई की मशीन लेकर जा रही गाड़ी से अचानक पलट गई। पुलिस के मुताबिक पंजाब के जिला संगरुर निवासी सरदार जसवंत सिंह पुत्र उजागर सिंह महिंद्रा मैक्स पिकअप के पीछे जोड़कर एक ट्रॉली और मिट्टी खुदाई की मशीन संगरुर से बिजनौर लेकर जा रहा था। रविवार देर रात करीब दो बजे जब वह सठेड़ी रजबाहे के पास पहुंचा तो अचानक पिकअप के पीछे लगा गुल्ला टूट गया। जिससे उसके पीछे जुड़ी ट्रॉली और मशीन तेजी के साथ नीचे जा गिरी। पिकअप गाड़ी भी अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। जिसमें चालक जसवंत को भी चोटें आई हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल जसवंत को बाहर निकाला। पुलिस ने क्रेन द्वारा खाई में गिरी ट्रॉली और मिट्टी खुदाई की मशीन को बाहर निकलवाया।