गंगनहर में दोस्तों के साथ नहाते हुए किशोर डूबा
खतौली।
गंगनहर में दोस्तों के साथ नहाते हुए किशोर पानी में डूब गया।
मोहल्ला इस्लामनगर निवासी 16 वर्षीय सादिक पुत्र साजिद सोमवार दोपहर को मोहल्ला निवासी दोस्तों के साथ गंगनहर में नहाने के लिए गया था। नहाते हुए सादिक पानी में डूब गया। सादिक के डूबने से दोस्त घबरा गए थे। दोस्त गंगनहर से निकल कर फरार हो गए। इन दोस्तों ने सादिक के बारे में उसके परिजनों को कुछ नहीं बताया। काफी देर तक सादिक घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने दोस्तों से पूछताछ की। घबराए दोस्तों ने सादिक के बारे में उसके परिजनों को कुछ नहीं बताया। परिजनों को शक हुआ तो वे गंगनहर पर सादिक की तलाश करते हुए पहुंचे। परिजनों को गंगनहर पर सादिक की कपड़े व चप्पल रखी हुई मिली। परिजनों को यकीन हो गया कि सादिक के साथ कुछ अनहोनी हुई। परिजनों ने दोस्तों को पकड़कर उनसे सख्ती से पूछताछ की, तब कहीं जाकर उन्होंने सादिक के नहाते समय डूबने की बात स्वीकार की। परिजनों ने दो दोस्तों को पुलिस के हवाले कर दिया। सादिक परिवार में इकलौता है। पुलिस ने किशोर को तलाश कराने के लिए गंगनहर में गोताखोरों को लगाया है। सोमवार की देर शाम तक भी किशोर का गंगनहर में कहीं पता नहीं चल सका था।