मुजफ्फरनगर। अगले माह प्रारंभ होने वाली बोर्ड परीक्षा की युद्धस्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था के साथ सीसीटीवी कैमरों को लेकर कार्रवाई चल रही है। अधिकारी कालेजों में कैमरों को लेकर औचक निरीक्षण कर सकते हैं। जनपद में 74 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें पांच केंद्रों पर कैमरे नहीं लगे हैं। इसको लेकर अधिकारियों ने कालेजों को नोटिस भेजकर जवाब मांगा है।
यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं छह फरवरी से शुरू होंगी। इसके लिए इलाहाबाद बोर्ड कार्यालय से लगातार दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं। इस बार सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। जनपद में भी 74 परीक्षा केंद्र बने हैं। इन पर 61 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा देंगे। नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए शासन ने भी कमर कस ली है। इसके लिए हरहाल में परीक्षा केंद्रों पर कैमरों से निगरानी के साथ मजबूत सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। परीक्षा के दिन नजदीक आने के कारण डीआईओएस कार्यालय के कर्मचारी तैयारियों में जुटे हैं। जनपद में बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। करीब पांच परीक्षा केंद्रों पर कैमरे नहीं लगे हैं। जिसके चलते इन कालेजों को नोटिस भेजकर जवाब मांगा गया है।