जानसठ (ब्यूरो)। ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर लगने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रुप से घायल हो गया। बुधवार की सुबह गांव बसायच निवासी कपिल (26) पुत्र आजाद और रवि पुत्र सुरेश बाइक से जानसठ किसी काम आ रहे थे। खतौली रोड पर गांव अहमदगढ़ के पास पीछे से आ रहे ट्रैक्टर ट्रॉली ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही कपिल पहिए के नीचे आ गया। कुचल जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दूसरा साथी रवि बाइक से दूर गिरने से गंभीर रुप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर ट्रॉली को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने उसे कब्जे में ले लिया। पुलिस ने घायल रवि को सीएचसी में भर्ती कराया। साथ ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।