बिजली नहीं मिलने से रोष
खतौली। दो दिनों से नगर में विद्युत आपूर्ति सुचारु नहीं होने से लोगों में आक्रोश है। बिजली नहीं आने से भीषण गर्मी में महिलाएं, बच्चे तथा बीमार लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस हालात के चलते कभी भी लोगों का गुस्सा विद्युत निगम के अधिकारियों के खिलाफ फूट सकता है। जेई टाऊन निरंजन गुप्ता ने बताया कि शनिवार रात्रि में ब्रेक डाउन हो गया था। इसके बाद शाम को ढाई घंटे का रोस्टिंग किया गया। रात्रि के समय बुढ़ाना रोड पर 132 केवीए बिजलीघर पर फ्रिक्वेंसी डाउन होने पर विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई। ईद के मद्देनजर फिलहाल रोस्टिंग का कोई आदेश नहीं है। उन्होंने कहा कि जितनी बिजली मिलेगी, विद्युत निगम उसकी आपूर्ति करेगा।