बुढ़ाना। कस्बे के कोतवाली रोड का ट्रांसफार्मर फुंकने से कोतवाली व कांधला रोड की बिजली की आपूर्ति दो दिन से ठप है। इससे लोगों को भीषण गर्मी में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। महिलाओं व छोटे बच्चों का बुरा हाल है।
कस्बे के कोतवाली रोड पर रखे ट्रांसफार्मर को दो दिन पहले गन्ने से भरी ट्रैक्टर ट्राली ने टक्कर मार दी थी। इसमें ट्रांसफार्मर फूंक गया था। ट्रांसफार्मर फुंकने के बाद से इस क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप पड़ी है। दुकानदारों का कहना है कि भाजपा की सरकार का 24 घंटे में फुंका ट्रांसफार्मर बदलवाने का दावा खोखला साबित हुआ है। दुकानदार सुरेंद्र सहरावत, संदीप उज्ज्लायन, शिवराज सिंह, लोकेश, संजय राणा आदि ने बताया कि इस बाबत अधिकारियों से उनकी बातें हुई है। आरोप है कि किसी भी अधिकारी ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। बिजली ने होने से भीषण गर्मी के कारण छात्र-छात्राओं की परेशानी बढ़ गई है। महिला एवं छोटे बच्चे सबसे अधिक परेशान है। लोगों ने चेतावनी दी है कि बिजली की आपूर्ति चालू न हुई तो एक्सईएन का घेराव करेंगे।