भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा
खतौली। रक्षाबंधन का त्योहार परंपरागत तरीके से बहनों ने अपने भाइयों की कलाइयों में रक्षा का सूत्र बांधा। इस पर्व पर ट्रेनों के अलावा रोडवेज बसों में भारी भीड़ रही। यहां तक कि यात्रियों को जान जोखिम में डालकर बसों की छतों पर सफर करना पड़ा। जीटी रोड व जानसठ रोड पर कई बार जाम लगा। पुलिस को जाम खुलवाने में भारी मशक्कत करनी पड़ी।
रविवार को बहनों ने बाजारों से राखियां और मिठाइयां खरीदी। खरीदारी को लेकर बाजारों में दुकानों पर भीड़ रही। विवाहित बहनें अपनी ससुरालों से चलकर मायके में पहुंची। मायके में बहनों ने अपने भाइयों की कलाइयों पर राखियां बांधकर इस त्योहार को हर्षोल्लास के साथ मनाया। अविवाहित बहनों ने घर पर ही अपने बड़े और छोटे भाइयों के हाथों में रक्षा सूत्र बांधा। रविवार को सुबह से ही ट्रेेेनों और रोडवेज बसों में भीड़ होने लगी थी। जीटी रोड व जानसठ रोड पर दिनभर जाम जैसी स्थिति रही। वाहन सड़कों पर रेंगते रहे। जानसठ तिराहे पर पुलिस को कई बार लाठियां भांजकर जाम को खुलवाना पड़ा। बसों में भीड़ होने की वजह से यात्रियों को छतों पर बैठकर सफर करना पड़ा। बस अड्डों पर भी महिलाओं की भारी भीड़ रही। ग्रामीण क्षेत्रों में भी रक्षाबंधन का त्यौहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।