जानसठ (मुजफ्फरनगर)। नयागांव फैजाबाद में नाबालिग की दो दिन बाद होने वाली शादी को महिला समाख्या टीम ने मौके पर पहुंचकर रुकवा दिया। किशोरी की शादी मेरठ निवासी युवक से तय हुई थी, जो फिलहाल स्थगित कर दी गई है।
क्षेत्र के नयागांव फैजाबाद निवासी सुशील कुमार की पुत्री गुड्डी की शादी मेरठ जिले के भगवानपुर निवासी सोनू पुत्र देवेंद्र के साथ तय हुई थी। 17 जुलाई को दूल्हा बारात लेकर आने वाला था, जिसके स्वागत-सत्कार की समस्त तैयारियां लड़की पक्ष ने पूरी कर ली थीं। सुशील के घर में रविवार को मेहमान भी आ चुके थे, जिसके चलते घर-परिवार में खुशी का माहौल था। इसी दौरान किसी ग्रामीण ने जिला महिला समाख्या टीम को दुल्हन गुड्डी के नाबालिग होने की सूचना देकर शादी रुकवाने की मांग की। इस पर रविवार को महिला समाख्या टीम की सदस्य डीआरपी ममता चौधरी, डीआरपी शमशाद बेगम व वर्षा ने इंस्पेक्टर प्रेमवीर राणा को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम के साथ महिला समाख्या टीम गांव में पहुंचकर सुशील से मिली और परिजनों से बात कर उन्हें समझाया। इसके साथ ही गांव के जिम्मेदार लोगों को बुलाकर किशोरी की शादी करने पर कानूनन सजा मिलने की भी जानकारी दी। इस पर लड़की के परिजन शादी को दो साल के लिए लड़की के बालिग होने तक राजी हो गए, जिसके बाद दूल्हे पक्ष को भी दो दिन बाद बारात लेकर आने के लिए मना कर दिया गया।