भौराकलां। थानाप्रभारी इंस्पेक्टर आनंद देव मिश्रा ने शनिवार को थाना प्रांगण में बैठक कर क्षेत्र के ग्राम प्रधानों से परिचय लेते हुए उनसे वार्ता की। इंस्पेक्टर ने प्रधानों से गांव की छोटी-छोटी घटनाएं रोकने व गैर कानूनी गतिविधियों में लिप्त अपराधियों के संबंध में पुलिस को सूचना देने का आह्वान किया। डॉक्टर सुभाष, यशपाल, प्रमोद, अब्बास, नजम, ऋषिपाल व जिला पंचायत सदस्य अजय गंठा आदि शामिल रहे।
ट्यूबवेल से स्टार्टर व केबल चोरी
भौराकला। थाना क्षेत्र के गांव मुंडभर निवासी किसान प्रमोद कुमार ने तहरीर देकर बताया कि शुक्रवार देर रात चोरों ने उसकी ट्यूबवेल की दीवार उखाड़कर स्टार्टर व केबल चोरी कर लिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
----
उधार के रुपये नहीं देने पर छुरी से हमला
भोपा। थाना क्षेत्र के गांव रहकड़ा निवासी गय्यूर शुक्रवार देर शाम किसी काम से भोपा आया था। यहां से लौटते समय चिकन फ्राई का ठेला लगाने वाले एक युवक ने गय्यूर को बुलाकर उससे अपने उधार के तीन सौ रुपये मांगे। इस पर गय्यूर ने दो दिन में रुपये देने की बात कही। आरोप है कि इसी बात को लेकर युवक ने छुरी से गय्यूर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमले के बाद आरोपी फरार हो गया। घटना की सूचना पाकर गय्यूर के परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने आरोपी की तलाश में दबिश दी, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ा। घायल गय्यूर को पीएचसी में भर्ती कराया गया है।