सागर मलिक के भाई सौरभ को भी बनाया आरोपी
मुजफ्फरनगर। विक्की त्यागी हत्याकांड में सीबीसीआईडी ने मुख्य हत्यारोपी सागर मलिक के भाई सौरभ मलिक को भी आरोपी बनाया है। सोमवार को उसे कड़ी सुरक्षा में गाजियाबाद की डासना जेल से यहां लाकर कोर्ट में पेश कर वारंट तामील कराया गया। कोर्ट ने इस मामले में 16 जुलाई की तारीख लगाई है। सीबीसीआईडी अब हत्याकांड में चार और आरोपियों के खिलाफ जल्द चार्जशीट कोर्ट में पेश करेगी।
गैंगस्टर विक्रांत त्यागी उर्फ विक्की त्यागी ने सवा तीन साल पहले 16 फरवरी 2015 को कोर्ट में ही पेशी के दौरान गोलियों से भून कर हत्या कर दी गई थी। मुख्य हत्यारोपी सागर मलिक निवासी बहावड़ी ने वहीं पर आत्मसमर्पण कर दिया था। मृतक विक्की की मां सुप्रभा त्यागी ने सीओ अनुज चौधरी, इंस्पेक्टर सचिन मलिक, सिपाही विकास समेत 11 के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। बाद में हत्याकांड की जांच सीबीसीआईडी को सौंप दी गई। जांच एजेंसी ने पुलिस कर्मियों को क्लीन चिट दे दी थी। हत्याकांड में नामजद सागर मलिक, ब्रजबीर सिंह और सईद मुल्ला जेल में बंद हैं, जिनके खिलाफ चार्जशीट दाखिल है और तीनों का मामला सेशन कोर्ट में चल रहा है। रंजनवीर की फरारी में ही चार्जशीट दी गई थी। पिंटू बालियान, विकास और शाहनजर वांछित है, जिनके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई हो चुकी है। अब सीबीसीआईडी ने सागर मलिक के भाई सौरभ मलिक को भी विक्की त्यागी हत्याकांड में आरोपी बनाया है। उसके खिलाफ कोर्ट से वारंट जारी हुए थे। इस पर सोमवार को गाजियाबाद पुलिस ने कड़ी सुरक्षा के बीच सौरभ को डासना जेल से यहां लाकर कोर्ट में पेश किया, जहां उसको वारंट तामील कराया गया। उसे बुलेट प्रूफ जॉकेट पहनाई गई थी। कोर्ट में पेशी के बाद उसे कड़ी सुरक्षा में वापस डासना जेल ले जाया गया। उधर, सौरभ की पेशी होने पर अब सीबीसीआईडी ने सौरभ, पिंटू, विकास और शाहनजर के खिलाफ चार्जशीट कोर्ट में दाखिल करने की तैयारी कर ली है। बताते चले, सागर मलिक नैनी जेल में तथा ब्रजबीर और सईद मुल्ला यहां जिला कारागार में बंद है।