विधायक प्रमोद उंटवाल ने खेडकी गांव में शनिवार रात ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम में मौजूद कई विभागों के कर्मचारियों ने ग्रामीणों को विभागों की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी दी। ग्रामीणों से उनका लाभ उठाने की अपील की। विधायक ग्राम प्रधान के आवास पर खाना खाकर रात्री विश्राम न कर गांव से लौट गए।
विधायक प्रमोद उंटवाल शनिवार शाम करीब सात बजे खेड़की गांव के पंचायत घर में पहुंचे। कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग से आए सतेंद्र कुमार ने प्रधानमंत्री आवास योजना और मनरेगा के तहत शौचालय बनवाने आदि की जानकारी दी। श्रम विभाग से आए केके मिश्रा ने बताया कि जो मजदूर साल में भट्ठे पर या कहीं गांव में 90 दिन मजदूरी करता है। इसके बाद विभाग को अपने 90 दिन मजदूरी करने का प्रमाणपत्र देता है, तो उसका विभाग में पंजीकरण हो जाएगा। उसे सामान्य मृत्यु पर दो लाख 25 हजार और दुर्घटना मृत्यु पर पांच लाख 25 हजार रुपये देने की योजना है। बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता अनुराग भल्ला, स्वास्थ्य विभाग के डॉ. अरुण कुमार, जल निगम के नरेश कुमार आदि ने अपने विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी। विधायक ने सभी पात्र लोगों से केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। दो महिलाओं को उज्ज्वला गैस योजना के तहत कनेक्शन के साथ गैस सिलेंडर, चूल्हा आदि सामान किया। कार्यक्रम के उपरांत विधायक ने ग्राम प्रधान वीरमति के आवास पर भोजन किया। गांव में रात्री विश्राम करने की बजाय करीब 10 बजे गांव से लौट गए। इस दौरान एडीएम सीताराम मौर्य, तहसीलदार सदर रंजीत कुमार, बीडीओ तुलसीराम प्रजापति, एडीओ पंचायत योगेश त्यागी, इंस्पेक्टर विजय कुमार के अलावा भाजपा नेता मौजूद रहे।
महिलाओं ने किया हंगामा
पुरकाजी। विधायक के कार्यक्रम के दौरान पूनम, सावित्री, कलावती, संगीता आदि महिलाओं ने वृद्धा पेंशन का लाभ न मिलने पर हंगामा किया। गांव का एक युवक दलित आंदोलन की घटना को लेकर पुलिस द्वारा बेगुनाह लोगों की गिरफ्तारी करने को लेकर विधायक से उलझ गया। जिसे लोगों ने समझाबुझाकर शांत किया। युवक का कहना था कि एक तरफ सरकार दलितों को योजनाओं का लाभ देकर लुभाने का प्रयास कर रही है, दूसरी तरफ पुलिस बेगुनाह लोगों की गिरफ्तारी कर दलितों का उत्पीड़न कर रही है।
बिजली चोरी के मुकदमे दर्ज
पुरकाजी। पुलिस ने जेई प्रवर्तन दल नेत्रपाल की तहरीर पर 15 लोगों के खिलाफ बिजली चोरी के मुकदमे दर्ज किए हैं। कस्बे के मोहल्ला झोझगान निवासी रियाज अहमद, अनीस अहमद, नसीम, गुलजार, आजम, अली अहमद, मोहल्ला बड़ा दरबार निवासी फैसल, शाहनवाज, मोहल्ला खेड़ा दरवाजा निवासी इसराईल, ग्राम सुवाहेड़ी निवासी मोहसीन, ग्राम भूराहेड़ी निवासी सुरेंद्र व मुकेश कुमार मुकदमे दर्ज किए। जेई राधा सिंह ने कम्हेड़ा निवासी मेनपाल, ऋषिपाल, ओमकार के विरुद्ध बिजली चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई।