चरथावल। गर्मी की दस्तक के साथ बिजली की आंख मिचौली से सीबीएसई बोर्ड और विश्वविद्यालय से जुड़े परीक्षार्थी परेशान हो गए है। शाम को छह बजे से 11 बजे तक आए दिन कटौती से लोगों में आक्रोश है। सीएम योगी आदित्यनाथ की ओर से नगर क्षेत्र में 18 घंटो के फरमान के बावजूद कस्बे को सिर्फ 12 से 13 घंटे आपूर्ति की जा रही है। सात मार्च से शाम को छह बजे से 11 बजे तक रोजाना बिजली गुल होने से परीक्षार्थियों को तैयारी करने में परेशानी उठानी पड़ रही है। बिजलीघर पर तैनात कर्मचारी उपभोक्ताओं को लखनऊ कंट्रोल से कट लगने की बात कह कर गुमराह कर रहे है। इस संबंध में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों का उदासीन रवैया भी निगम के अफसरों को बेपरवाह बना रहा है। सीबीएसई और मेरठ यूनिवर्सिटी के वार्षिक परीक्षाओं की तैयारी करने में लोग परेशान है। जबकि शाम को अंधेरे में ग्रामीणों को मच्छरों का प्रकोप झेलना पड़ रहा है। मोहित त्यागी, छात्र वीरेंद्र सिंह बिरालसी, सुशील कुमार, राज ने डीएम से चरथावल की आपूर्ति नियमित कराने की मांग की है।