गांव वाजिदपुर कवाली की विद्युत आपूर्ति काटने के विरोध में ग्रामीणों ने तहसीलदार का घेराव किया। तहसीलदार ने विद्युत निगम अधिकारियों से बातचीत करके गांव की विद्युत आपूर्ति चालू कराई।
शुक्रवार को गांव वाजिदपुर कवाली के ग्रामीण एकत्र होकर तहसील पहुंचे। उन्होंने विद्युत निगम द्वारा गांव की आपूर्ति बृहस्पतिवार की रात से बंद करने के विरोध में तहसीलदार का घेराव किया। कहना था कि इस समय बच्चों की परीक्षाएं चल रही हैं। इसके बावजूद विद्युत निगम द्वारा गांव की आपूर्ति बंद कर दी गई है। जिस कारण बच्चों को पढ़ाई में परेशानी हो रही है। तहसीलदार मनोज कुमार ने विद्युत निगम के जेई अजय कुमार से बातचीत की तो उन्होंने बताया कि गांव के उपभोक्ताओं पर 25 लाख रुपये से अधिक का बिजली बिल बकाया है। तहसीलदार ने जेई को गांव की विद्युत आपूर्ति जोड़ने को कहा। साथ ही गांव में कैंप लगाकर बकाया विद्युत बिल वसूली करने में राजस्व कर्मियों का भी सहयोग देने का आश्वासन दिया। तहसीलदार के कहने पर जेई ने बिजली आपूर्ति शुरू कराई। घेराव करने वालों में अनंगपाल राठी, सुरेंद्र सिंह राठी, धर्मवीर, एलडीबी बैंक के पूर्व चेयरमैन योगेंद्र सिंह, अमर सिंह, हरभजन सिंह, बिजेंद्र, हर्ष राठी, रोहित, नरेंद्र आदि ग्रामीण शामिल रहे।