गन्ने के ओवरलोड वाहन बने मुसीबत
बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)। गन्ने का सीजन आरंभ होते ही कस्बे में जाम की स्थिति बनी रहती है। चीनी मिल के गन्ना क्रय केन्द्रों से आने वाले गन्ने के ओवरलोड वाहन जाम की समस्या पैदा कर रहे हैं। देहातों के किसान भी अपनी ट्रैक्टर ट्रॉली में गन्ने को बेतरतीब भरकर लाते हैं। इसी कारण कस्बे में जाम की समस्या बनी रहती है। बाइक सवार और कार चालकों के लिए सर्दी का मौसम दुखदाई हो जाता है। कस्बे से होकर गुजरने और ट्रॉले-ट्रैक्टर ट्रॉली यातायात की समस्या बढ़ाते हैं। कस्बे के दुकानदार कई बार इस संबंध में उच्चाधिकारियों से वार्ता कर चुके हैं। किसी का ध्यान इन पर नहीं जाता। कस्बे की सड़क पर बसे दुकानदारों ने प्रशासन से ट्रैक्टर ट्रॉली, बुग्गियों में सीधा गन्ना भरकर लाने की मांग की है।