भाजपा ने पुनर्मतगणना कराने की वकालत की
खतौली (मुजफ्फरनगर)। भाजपा की बैठक में वक्ताओं ने प्रशासन द्वारा नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद की भाजपा प्रत्याशी रितु जैन को धांधलेबाजी करके मात्र नौ मतों से चुनाव हराने पर रोष प्रकट किया। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि दोबारा से मतगणना कराने, धांधलेबाजी की सीबीआई जांच तथा एसडीएम खतौली को सस्पेंड कराने की मांग को लेकर पांच दिसंबर से तहसील में तालाबंदी करके बेमियादी धरना व प्रदर्शन किया जाएगा। कार्यकर्ताओं ने निर्णय लिया कि उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाएगा वे जीते हुए प्रत्याशी को शपथ ग्रहण भी नहीं करने देंगे।
भाजपा नगराध्यक्ष प्रशांत देशवाल के आवास पर रविवार को कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। वक्ताओं ने मतगणना में एसडीएम राम अवतार गुप्ता पर धांधलेबाजी करके भाजपा प्रत्याशी रितु जैन को हराने का आरोप लगाया। वक्ताओं ने इस धांधलेबाजी की सीबीआई जांच कराने की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि पार्टी के जिन लोगों ने भाजपा प्रत्याशी को हराने के लिए काम किया है। कार्यकर्ताओं ने पार्टी हाईकमान से उनके विरुद्ध भी कार्रवाई करने की मांग की। सपा छोड़कर भाजपा में शामिल हुए संजय जैन ने प्रशासन द्वारा भाजपा प्रत्याशी को धांधलेबाजी करके हराने की घोर निंदा करते हुए इसे संविधान के खिलाफ बताया। वक्ताओं ने निर्णय लिया कि सोमवार तक दोबारा से मतगणना, धांधलेबाजी की सीबीआई जांच और एसडीएम को सस्पेंड नहीं किया गया तो कार्यकर्ता पांच दिसंबर से तहसील में तालाबंदी करके अनिश्चितकालीन धरना व प्रदर्शन करना शुरु कर देंगे। इसके लिए कार्यकर्ताओं को आसपास के गांवों के लोगों का भी सहयोग मिल रहा है। महिलाएं भी धरना व प्रदर्शन में शामिल होंगी। प्रशांत देशवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में भारतवीर प्रधान, विपिन उपाध्याय, राकेश प्रजापति, विनोद राजपूत, यशपाल राठी, रोबिन सैनी, आशीष देशवाल, रिंकू गुप्ता, हर्ष रहेजा, तरुण सिंह, विक्रम फौजी, सिद्धार्थ शर्मा, विजयपाल, राजेश राजपूत, अतुल शर्मा, सोनू ठाकुर, सोनू उपाध्याय आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।