शिकायतों का निस्तारण समय से हो
खतौली (मुजफ्फरनगर)। तहसील दिवस में शिकायतें सुनते हुए एडीएम प्रशासन हरीशचंद ने कहा कि शिकायतों का निस्तारण समय से होना चाहिए। कहा कि तहसील दिवस में दर्ज शिकायतों का निस्तारण मौके पर पहुंच कर होना चाहिए। जिससे पीड़ित को न्याय मिल सके। शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। तहसील दिवस में 49 शिकायतें दर्ज की गई। जिसमें किसी का भी मौके पर निस्तारण नहीं कराया जा सका। तहसील दिवस में एसडीएम कन्हई सिंह, तहसीलदार अमित कुमार, तहसीलदार न्यायिक नीरज शर्मा, बीडीओ योगेंद्र लाल भारती आदि अधिकारी मौजूद रहे।
जांच कराने की मांग
खतौली (मुजफ्फरनगर)। गांव याहियापुर निवासी दिवेश, वेदप्रताप, रणजीत सिंह, विजय, पाल सिंह, चमन सिंह आदि ने तहसील दिवस में शिकायती पत्र देकर गांव में बिजली की समस्या के अलावा ग्राम प्रधान द्वारा मनरेगा में कराए जाने वाले कार्य तथा शौचालय निर्माण की जांच की मांग की है। एडीएम ने जांच करा कराने का आश्वासन दिया।
आर्थिक मदद की गुहार लगाई
खतौली (मुजफ्फरनगर)। मोहल्ला पक्का बाग निवासी विधवा का बारिश में मकान गिरने पर मोहल्ले के लोगों ने उसे आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की। पक्का बाग निवासी विधवा राखी का बारिश में मकान गिर गया था। जिससे यह गरीब परिवार खुले आसमान के नीचे आ गया। भाजपा नेता मदन छाबडा के नेतृत्व में संतोष, सरोज, राजो, सुमरती, राजबीरी, गुड्डन, पूजा, माया, कैलाशो, रति, मुनेश, फैसल, दीपक, विनोद आदि ने तहसील दिवस में प्रार्थना पत्र देकर विधवा को आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की।