आग लगने से किसान की पांच बीघा गन्ने की फसल जली
देवबंद (सहारनपुर)। भायला कलां में आग लगने से एक किसान की करीब पांच बीघा गन्ने की फसल जल गई। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका। पीड़ित किसान ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
भायला कलां निवासी रामकुमार का गांव में ही गन्ने का खेत है। मंगलवार की रात अचानक ईख में आग लग गई। फसल को जलता देख आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों ने इसकी सूचना रामकुमार को दी। किसानों ने मिट्टी, रेत और पानी आदि डालकर आग बुझाने का प्रयास किया परंतु तब तक फसल जल चुकी थी। पीड़ित किसान रामकुमार ने बताया कि आग लगने के कारण का पता नहीं लग पाया है। पांच बीघा गन्ना जलने से उसका करीब दो लाख रुपये का नुकसान हो गया है। बुधवार को रामकुमार ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।