प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाएं व्यापारी
भोपा। पुलिस द्वारा व्यापारियों संग मीटिंग की गई, जिसमें व्यापारियों व उनके प्रतिष्ठानों को सुरक्षा प्रदान करने को लेकर विभिन्न उपायों पर चर्चा की गई।
सीओ भोपा राम मोहन शर्मा और थाना प्रभारी निरीक्षक मगनवीर सिंह गिल ने उपस्थित व्यापारियों से प्रतिष्ठानों पर उच्च क्वालिटी के सीसीटीवी कैमरे लगवाने की हिदायत दी। साथ ही बाजार या अन्य स्थान पर किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के दिखाई पड़ने पर पुलिस को सूचना देने की सलाह दी। ज्वेलरी व्यापारियों को विशेष रूप से पुलिस सुरक्षा देने की बात भी कही गई। व्यापारियों से कहा कि सुरक्षा की दृष्टि से व्यापारियों को बाजार में चौकीदार की व्यवस्था करनी चाहिए। इस मौके पर मोरना और भोपा के काफी व्यापारी उपस्थित रहे।
हादसे में दो युवक घायल
भोपा। सड़क किनारे लगे सरकारी हैंडपंप पर पानी पी रहे राहगीर युवक को तेजी से जा रहे बाइक सवार ने टक्कर मार दी, जिससे दोनों युवक घायल हो गए। घायलों को गंभीर हालत के चलते जिला चिकित्सालय रैफर किया गया।
ककरौली थाना क्षेत्र के ग्राम कम्हेड़ा निवासी असजद पुत्र जव्वार जौली गंगनहर पटरी के किनारे खड़े हैंडपंप से पानी पी रहा था। इसी दौरान भोपा की ओर से आ रही बाइक ने उसे जोर से टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गया। साथ ही बाइक गिर जाने से चालक भी घायल हो गया। बाइक चालक सागर पुत्र अजय लाइनमैन निवासी सूजडू मुजफ्फरनगर जौली में अपनी मौसी के घर शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस द्वारा भोपा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाया गया। गंभीर हालत के चलते दोनों को जिला चिकित्सालय के लिये रैफर कर दिया गया।
बीमारी के चलते दूसरे मासूम ने भी तोड़ा दम
भोपा। क्षेत्र के सिकंदरपुर में एक ही परिवार के तीन बच्चे जानलेवा बीमारी की चपेट में आ गए थे, जिनमें से एक बच्ची की बुधवार को मौत हो गई थी। दूसरे बच्चे की भी शुक्रवार को मौत हो गई। गांव सिकंदरपुर निवासी किसान विकास उर्फ सोनू के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। एक सप्ताह पूर्व रहस्यमय हालत में बीमार हुए तीन बच्चों को गंभीर हालत के चलते दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। छह वर्षीय बालिका अवनी की बुधवार की रात मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य बच्ची की हालत भी गंभीर बनी हुई थी। इनमें से चार साल के बालक अवी चौधरी ने शुक्रवार को दम तोड़ दिया। अचानक दो बच्चों की मौत से परिजन गहरे सदमे में है तथा गांव में शोक व्याप्त है। तीसरे बच्चें तथा सबसे बड़ी बच्ची आयूषी की हालत चिंताजनक बताई गई हैं।