बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)। रालोद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी ने कहा कि भाजपा की सरकार ने देश के मजदूरों और किसानों को बर्बाद करके रख दिया है। बिजनौर में अपने गन्ने का बकाया भुगतान मांगने वाले किसानों पर पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज की निंदा की। कहा कि आपस में भाईचारा कायम करते हुए सभी को एक राय होकर भाजपा को हराकर देश में किसानों की सरकार बनानी है।
जयंत चौधरी बुधवार को मेरठ-करनाल हाईवे से शामली के कस्बा झिंझाना में जनसंवाद कार्यक्रम में जा रहे थे। झिंझाना जाते समय हाईवे पर उनका क्षेत्र के गांव गढ़ी सखावतपुर व फुगाना बस अड्ड़े के पास जोरदार स्वागत हुआ। गांव गढ़ी सखावतपुर में हाईवे पर रामनिवास सहरावत के आवास के सामने क्षेत्र के ग्रामीणों ने स्वागत किया। जयंत चौधरी ने कहा कि पिछले साल का किसानों के गन्ने का बकाया भुगतान अब तक भी नहीं मिला। अपने पैसे के लिए ही किसानों को धरने प्रदर्शन करने पड़ रहे है। भाजपा की सरकार किसानों द्वारा लिए गए कर्ज की वसूली में लगी है। बिजली के बिलों की दर ने किसानों व गरीबों की कमर तोड़ दी। देश का किसान व बेरोजगार युवक बर्बादी की कगार पर खड़ा है। दूसरी ओर यह सरकार मंदिर निर्माण की बात कहकर देश की जनता को मूर्ख बना रही है। मौके पर पूर्व मंत्री योगराज सिंह, चेयरमैन हाजी जमशेद, डॉ. अनिल डबास, राजेंद्र सिंह, सुरेंद्र सहरावत, जगपाल सिंह, सुरेन्द्र राठी, पवन सहरावत सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। उधर, फुगाना बस अड्डे पर फुगाना, खरड़, खेड़ामस्तान व करौंदा महाजन के ग्रामीणों ने चौधरी मुकेश मलिक के नेतृत्व में जयंत चौधरी का जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर रालोद कार्यकर्ताओं के अलावा सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।