रतनपुरी। हाईटेंशन विद्युत लाइन की चिंगारी से किसान की आठ बीघा गन्ने की फसल जल गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
रतनपुरी निवासी किसान पृथ्वी सिंह का गांव के बाहर भट्ठे के पास गन्ने का खेत है। खेत से ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। लाइन के तार जर्जर हालत में काफी नीचे झूल रहे हैं। बुधवार को तारों से निकली चिंगारी गिरने से खेत में आग लग गई। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर आदि की सहायता से आसपास के ईख में आग को फैलने से रोका। तब तक किसान की आठ बीघा फसल जल चुकी थी। ग्रामीणों ने बिजलीघर पर सूचना देकर सप्लाई बंद कराई। ग्रामीणों ने इस संबंध में विद्युत विभाग के अधिकारियों से जर्जर लाइन को ठीक कराने और किसान की फसल के नुकसान की क्षतिपूर्ति कराने की मांग की है। आग से किसान ने करीब एक लाख रुपये का नुकसान बताया है।