सोलानी नदी में पानी आने से ग्रामीणों में दहशत
पुरकाजी। पहाड़ों पर हो रही लगातार बारिश का पानी सोलानी नदी में छोड़े जाने से उफान पर आई नदी का पानी शुक्रवार को बाहर आकर जंगलों में भर जाने से जंगल पूरी तरह जलमग्न हो गए। कई गांवों के रास्तों पर पानी आ जाने से ग्रामीणों का आवागमन बंद हो गया। ग्रामीण अपने घरों में कैद होकर रह गए। लगातार बढ़ रहे पानी से ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है।
ग्रामीणों ने बताया कि अभी तक गत माह में आया पानी जंगलों में ही रुका हुआ है। जंगलों में खड़ी फसलें पूरी तरह बर्बाद हो चुकी हैं। कुछ पानी सूखने से सामान्य हुआ आवागमन शुक्रवार को पानी आ जाने से फिर बंद हो गया। ग्रामीणों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि अगर और पानी आ गया तो हालात खराब हो जाएंगे।
रोडवेज चालक से मारपीट
पुरकाजी। ग्राम भूराहेड़ी निवासी रोडवेज बस का चालक शनिवार को बस लेकर रुड़की से मुजफ्फरनगर जा रहा था। कस्बे में हाईवे पर बस की साइड एक ई-रिक्शा में लग जाने से ई-रिक्शा स्वामी ने कुछ लोगों के साथ मिलकर चालक के साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया। चालक इकबाल ने थाने पर तहरीर देकर तहरीर में नामजद लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।