जेनरेटर पर बिजली गिरी, पांच मजदूर झुलसे
पुरकाजी (मुजफ्फरनगर)। शनिवार सुबह बरसात के दौरान अचानक जेनरेटर पर बिजली गिरने से पांच भट्ठा श्रमिक झुलस गए। श्रमिकों को पुरकाजी अस्पताल लाया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते एक मजदूर को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां पर भी हालत में सुधार नहीं होने पर उसे मेरठ रेफर किया गया।
घटना शनिवार सुबह करीब दस बजे गांव शकरपुर की है। तेज बारिश होने के कारण शकरपुर के लक्ष्मी ईंट भट्ठे पर काम करने वाले श्रमिक बरसात से बचने के लिए वहां रखे जेनरेटर के पास आकर खड़ेेेे हो गए। बरसात के दौरान तेज धमाके के साथ जेनरेटर पर बिजली गिरी। जेनरेटर भी तेज आवाज के साथ फट गया। पास में खड़े अमित कुमार, विनोद, आवेश निवासी ग्राम कल्लनुपर, भीम निवासी ग्राम बुच्चा बस्ती और बिहार निवासी मजदूर पंकज घायल हो गए। भट्ठा मालिक ने एंबुलेंस से सभी को पुरकाजी अस्पताल पहुंचवाया, जहां पर गंभीर हालत के चलते अमित कुमार को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां पर भी हालत में सुधार नहीं होने पर परिजन उसे मेरठ ले गए।