गरीब बच्चों को मिलेगी आर्थिक सहायता
मुजफ्फरनगर। जिला बाल संरक्षण इकाई के माध्यम से जिले में समेकित बाल संरक्षण योजना प्रारंभ हुई है। योजना का लाभ गरीब बच्चों और बेसहारा बच्चों को दिया जाएगा। इस योजना के नियमानुसार एक गरीब परिवार से दो बच्चों को ही चार हजार रुपये की धनराशि से प्रतिमाह लाभान्वित किया जा सकता है। जिन बच्चों के माता-पिता नहीं है और वे बेसहारा हैं, ऐसे बच्चों को योजना के तहत तीन हजार रुपये दिए जाएंगे। उक्त दोनों तरह की आर्थिक सहायता मात्र तीन साल तक ही दी जाएगी। शासन से आदेश के बाद जिला प्रोबेशन अधिकारी भारतलाल ने ग्रामीण क्षेत्र में सर्वे शुरू करा दिया है। उन्होंने बताया कि गरीब बच्चों का सर्वे करते हुए ग्राम स्तरीय बाल संरक्षण समिति अपनी रिपोर्ट ब्लाक स्तरीय बाल संरक्षण समिति को देगी। इसके बाद जिला स्तरीय समिति की संस्तुति पर इन बच्चों को लाभ दिया जाएगा।