मुजफ्फरनगर। नगरपालिका परिषद के वार्ड 16 में गंदगी, जलभराव और अन्य समस्याओं को लेकर क्षेत्र के लोगों ने बृहस्पतिवार को डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन कर निराकरण की मांग की। भाजपा नेता हरवेश धीमान के नेतृत्व में क्षेत्र के दर्जनों लोग डीएम कार्यालय पर पहुंचे और विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। डीएम राजीव शर्मा से मिलकर उनको एक प्रार्थना पत्र दिया। इसमें बताया गया कि वार्ड 16 में संगल होटल वाली गली में पानी की निकासी का उचित प्रबंध न होने से जलभराव की समस्या विकराल हो रही है। इससे गंदगी और अन्य समस्या भी उत्पन्न होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बीमारियां भी फैलने लगी हैं। डीएम राजीव शर्मा ने समस्याओं के जल्द निराकरण का आश्वासन दिया।