जानसठ। लोकायुक्त के निर्देश पर एडीएम प्रशासन ने पूर्व चेयरमैन द्वारा नगर में कराए गए विकास कार्यों की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। एडीएम ने जांच के दौरान एलईडी लाइटों का मामला गंभीर पाए जाने पर उनके खाली डिब्बों को सील करा दिया है।
बुधवार को एडीम प्रशासन हरीश चंद्र ने नगर पंचायत कार्यालय पहुंचकर पूर्व सभासद द्वारा लोकायुक्त में की गई शिकायतों की जांच की। स्ट्रीट लाइट के नगर पंचायत में रखे खाली डिब्बे सभासद द्वारा एडीएम को दिखाए गए, जिस पर एक लाइट की कीमत 14600 रुपये लिखी हुई है, जबकि लाइट नगर पंचायत ने 31 हजार रुपये का भुगतान करके खरीदी है। डिब्बों पर पड़े रेट में तथा भुगतान किए गए रेट में अंतर पाए जाने पर एडीएम ने खाली डिब्बों के फोटो करते हुए ईओ अनूप राय को डिब्बों को सील करने के निर्देश दिए। उन्होंने कूड़ेदान का निरीक्षण किया। कूड़ेदानों को भी तौल कर उनका भार कर रिपोर्ट देने के निर्देश ईओ को दिए। उन्होंने तालड़ा बाईपास, खतौली बस स्टैंड पर बना यात्री शेड, अधूरे पड़े शौचालय का निरीक्षण किया। एडीएम ने पूर्व चेयरमैन की निजी जमीन पर 30 लाख रुपये कीमत से बनाए गए रास्ते का भी निरीक्षण किया। आरोप है कि यह रास्ता पूर्व चेयरमैन ने अपनी जमीन की कीमत बढ़ाने के लिए बनवाया था। एडीएम ने पूर्व सभासद को सभी सबूत के साथ लिखित में देने के निर्देश दिए। ईओ को शिकायत में दिए गए बिंदुओं की पत्रावली तलब करने के लिए कहा। जांच के दौरान वर्तमान चेयरमैन प्रवेंद्र भड़ाना, पूर्व चेयरमैन यनेश तंवर, ईओ अनूप राय, क्षेत्रीय लेखपाल और कानूनगो भी मौजूद रहे।