चरथावल। विकासखंड क्षेत्र में दो बीडीसी पदों पर मतगणना के बाद उपचुनाव के नतीजे घोषित कर दिए गए। दूधली के वार्ड 41 पर मंजू राणा के इस्तीफे के बाद खाली सीट पर पुन: चुनाव में रामी देवी ने निकटतम प्रत्याशी बबीता देवी को 573 मतों से करारी शिकस्त दी, जबकि तीसरे उम्मीदवार रवि कुमार को सिर्फ एक मत मिला। चौकड़ा के वार्ड 29 से मेहरबान ने वाजिद को 73 मतों से हराया। बीडीओ डॉ साजिद अहमद ने बताया कि दोनों गांव की गिनती पांच राउंड में पूरी हो गई थी। आरओ अवनीश पाल शर्मा ने विजयी प्रत्याशियों को प्रमाण दिया। उसके बाद जश्न में डूबे समर्थकों ने जुलूस निकालकर खुशी का इजहार किया।
पति समेत छह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
चरथावल। दस महीने बाद कोर्ट के आदेश पर कस्बे में पति, जेठ और देवर समेत छह के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया गया है। इमामबाड़ा की महिला का आरोप है कि करीब 11 साल पहले उसकी शादी मोहल्ले के युवक के साथ हुई थी, लेकिन महिला के दो बच्चे हुए, जो जन्म से ही दिव्यांग हैं। उनकी आंखों की रोशनी कम होने के कारण उन्हें दिन में नहीं दिखता। दिव्यांग बच्चों के कारण पति उसे अपनाने से मना करता है। आरोप है कि पति उसे छोड़कर मुंबई में रहता है और उसे छोड़कर दूसरी महिला से निकाह करना चाहता है।