बोर्ड परीक्षा में तैनात होंगे 4000 शिक्षक
मुजफ्फरनगर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं को संचालित करने के लिए जिले में 4000 शिक्षक तैनात होंगे। डीआईओएस कार्यालय से कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाने का कार्य शुरू हो गया है। डीआईओएस ने जिले के सभी प्रधानाचार्यों से शिक्षकों का सूची मांगी है।
बोर्ड परीक्षा आगामी छह फरवरी से शुरू होगी, जो दस मार्च तक संपन्न कराई जाएगी। इस बार हाईस्कूल और इंटर की बोर्ड परीक्षा में जिले में करीब 62 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे। जिले में बोर्ड परीक्षाएं कराने के लिए 74 परीक्षा केंद्र बनाए गए है। इन सभी पर बोर्ड परीक्षाओं के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सभी परीक्षा केंद्र सीसीटीवी कैमरों से युक्त होंगे। प्रत्येक कक्ष में भी कैमरे लगवाए गए हैं। बोर्ड परीक्षा कराने के लिए इस बार करीब चार हजार शिक्षकों को कक्ष निरीक्षक बनाया जाएगा। डीआईओएस कार्यालय से कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाने का कार्य शुरू हो गया है। डीआईओएस मुनेश कुमार ने बताया कि पारदर्शिता से नकलविहीन परीक्षा कराई जाएगी। इसके लिए विभाग की ओर से पुख्ता तैयारी कर ली गई है।
बेसिक शिक्षक भी तैनात होंगे
बोर्ड परीक्षा के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद के कॉलेजों के शिक्षकों को कक्ष निरीक्षक बनाने में प्रमुखता रखी गई है। इसके लिए मान्यता प्राप्त कॉलेजों और वित्तविहीन कॉलेजों के शिक्षकों को भी ड्यूटी पर लगाया जाएगा। शिक्षक कम पड़े तो बेसिक विभाग के शिक्षकों को भी ड्यूटी पर लगाया जा सकता है। इसके लिए बीएसए को पत्र भेजकर शिक्षकों का ब्योरा मांगा गया है।
कक्ष निरीक्षकों के आईकार्ड बनेंगे
बोर्ड परीक्षा में ड्यूटी देने वाले कक्ष निरीक्षकों के आईकार्ड बनाए जाएंगे, जिन्हें वे अपने साथ रखेंगे। प्रधानाचार्य और केंद्र व्यवस्था की ओर से कक्ष निरीक्षक बनाए गए टीचरों के आईकार्ड जारी होंगे, जिन्हें जीआईसी के प्रधानाचार्य वेरीफाई करेंगे।
विषय विशेषज्ञों की नहीं होगी तैनाती
डीआईओएस ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को आदेश जारी किए हैं कि जिस भी विषय की परीक्षा होगी, उस दिन उस विषय के टीचरों को कक्ष निरीक्षक नहीं बनाया जाएगा। यदि हिंदी की परीक्षा है तो अन्य विषयों के टीचरों को कक्ष निरीक्षक बनाया जाएगा। इसके अलावा जिस कॉलेज में परीक्षा केंद्र है, उस कॉलेज के शिक्षकों की ड्यूटी उसी कॉलेज में नहीं लगाई जाएगी, उनकी ड्यूटी अन्य परीक्षा केंद्र पर लगाई जाएगी।