चरथावल-बुढ़ाना मार्ग पर छह वाहन सीज
मुजफ्फरनगर। जिले में चल रहे डग्गामार वाहनों के खिलाफ रोडवेज और उप संभागीय परिवहन विभाग के अधिकारियों ने अभियान चलाया। इस दौरान जीप, टैंपू समेत छह डग्गामार वाहनों को पकड़ कर सीज किया गया।
जिले में रोडवेज के निर्धारित मार्गो पर डग्गामार वाहनों का संचालन होने से निगम को नुकसान हो रहा है। सोमवार को डिपो के एआरएम बीपी अग्रवाल, यात्री कर अधिकारी सुधीर कुमार, रोडवेज के अनुशासन प्रभारी अनुज त्यागी आदि की टीम ने बुढ़ाना और चरथावल मार्ग पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान एक बस, जीप, मैक्स और तीन टैंपू को डग्गामारी करते हुए पकड़ा गया। सभी वाहनों के खिलाफ सीज की कार्रवाई की गई। इन वाहनों में सवार यात्रियों को रोडवेज बसों में बैठा कर गंतव्य तक पहुंचाया गया। अभियान के चलने से बाकी मार्गों पर चालक डग्गामार वाहन लेकर फरार हो गए। एआरएम अग्रवाल ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
परिचालक की संविदा समाप्त
मुजफ्फरनगर। डिपो के एआरएम बीपी अग्रवाल ने संविदा परिचालक शलभ शर्मा की संविदा समाप्त करा दी। बताया कि ईटीईएम मशीन नहीं मिलने पर परिचालक ड्यूटी छोड़ कर अपने घर चला गया था।