क्षतिग्रस्त बोगियों की सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए
मुजफ्फरनगर। उत्कल हादसे में क्षतिग्रस्त हुई बोगियों की सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए है। पुलिस सुरक्षा बल के एक दर्जन से अधिक जवानों की सुरक्षा ड्यूटी में तैनात किया गया है। उधर, घटनास्थल से गुजरते हुए ट्रेन यात्री इन क्षतिग्रस्त बोगियों की वीडियो बना रहे हैं। घटनास्थल आते ही ट्रेन यात्री खिड़कियों से झांक कर क्षतिग्रस्त बोगियों को देख कर हादसे की भयावहता को भी आंक रहे है।
खतौली तहसील के सामने शनिवार शाम को पुरी से हरिद्वार जा रही कलिंग उत्कल एक्सप्रेस दुर्घटनाग्रस्त हुई थी। ट्रेन के 13 कोच बेपटरी होकर पलट गए थे। रविवार को क्रैन के जरिये इन सभी बोगियों को ट्रैक से उठा कर एक साइड रखा गया है। इन 13 कोच में दो एसी कोच भी शामिल हैं। सभी कोच की कीमत लाखों रुपये है। जिसमें एसी, पंखे समेत काफी कीमती सामान है। सोमवार को घटनास्थल का निरीक्षण करने आए रेलवे संरक्षा आयुक्त एसके पाठक ने भी अधिकारियों से इन कोचों की सुरक्षा के निर्देश दिए। आरपीएफ थाना प्रभारी निरीक्षक सोनी कुमार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त हुए सभी कोच की सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए है। इसके लिए एक दर्जन से अधिक जवानों को वहां तैनात किया गया है। उधर, घटनास्थल पर नया ट्रैक बिछाए जाने पर यहां से ट्रेनों को अत्यंत धीमी गति से गुजारा जा रहा है। इस दौरान ट्रेन में सवार यात्री इन क्षतिग्रस्त बोगियों का देखने के लिए खिड़कियों से झांक कर हादसे की भयावहता का आंकलन करने लगते है। उनके मुंह से इन्हें देख कर आह निकल जाती है। साथ ही ट्रेन यात्री यहां से गुजरते हुए मोबाइल फोन पर वीडियो भी बना रहे है।