आयुष्मान कार्ड बनाने में यूपी में तीसरे नंबर पर मुजफ्फरनगर, लेकिन अभी लक्ष्य नहीं पूरा
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। जिले में 19 हजार से अधिक लोग आयुष्मान कार्ड का लाभ ले चुके है। यूपी में मुजफ्फरनगर आयुष्मान कार्ड बनाने में तीसरे नंबर पर है। हालांकि अभी विभाग का लक्ष्य पूरा नहीं हो सका है। फिलहाल सामाजिक, आर्थिक और जातिगत जनगणना 2011 की सूची में सम्मिलित पात्रों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे है। जिला चिकित्सालय में लोग आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए पहुंच रहे हैं।
जिले में स्वास्थ्य विभाग का तीन लाख 57 हजार 930 लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने का लक्ष्य था। अभी तक केवल दो लाख 80 हजार लोगों के ही आयुष्मान कार्ड बनाए गए है। इनमें से 19 हजार 585 मरीज आयुष्मान कार्ड का लाभ भी ले चुके है। यानी 82 प्रतिशत परिवार योजना के अंतर्गत आच्छादित किए गए है। 77 हजार 930 लोग ऐसे है, जिनके नाम सूची में है, लेकिन अभी तक वह आयुष्मान कार्ड नहीं बनवा सकें है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. महावीर सिंह फौजदार ने बताया कि जिले में आयुष्मान कार्ड बनवाने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। पात्रों को इसका लाभ पहुंचाया जा रहा है। यूपी में मुजफ्फरनगर जिला तीसरे नंबर पर है। सीएमओ डॉ. फौजदार ने कहा पात्रों को इसका लाभ दिलाया जा रहा है। जिनका नाम सूची में है, उनके आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे है।
आयुष्मान कार्ड के लिए पात्रता
सीएमओ डॉ. महावीर सिंह फौजदार ने बताया कि जिन लोगों के नाम सामाजिक, आर्थिक और जातिगत जनगणना 2011 (एसईसीसी) की सूची में है, वे इसके लिए पात्र है। इसके अलावा भवन एवं सनिर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकृत चयनित श्रमिक भी इसके पात्र है। अन्त्योदय राशन कार्ड धारक परिवार का सदस्य भी आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए पात्र है।
आयुष्मान भारत योजना से सूचीबद्ध निजी चिकित्सालय
जिले में आयुष्मान भारत योजना से कुल 22 निजी चिकित्सालय सूचीबद्घ है। इसमें शांति मदन हॉस्पिटल, निर्वाल हॉस्पिटल, गंगाराम हॉस्पिटल, वशिष्ठ हॉस्पिटल, इवान हॉस्पिटल, एसकेबी आरोग्यम हॉस्पिटल, कुशवाहा आई हॉस्पिटल, लूथरा आई हॉस्पिटल, आईक्यू हॉस्पिटल, रामा देवी आई हॉस्पिटल, मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज बेगराजपुर, केयर पार्टनर हॉस्पिटल खतौली, भारद्वाज हॉस्पिटल बुढ़ाना, आरोग्य हॉस्पिटल चरथावल, आनंद हॉस्पिटल, एमजेआईएमएस हॉस्पिटल मंसूरपुर रोड शाहपुर, राजवंशी हॉस्पिटल, अनुलोक हॉस्पिटल, अथर्व हॉस्पिटल मीरापुर, रवि नर्सिंग होम, निसार हॉस्पिटल, विजय श्री नर्सिंग होम भोपा रोड शामिल है।
आशा और ग्राम प्रधानों के पास होती है पात्रों की सूची
सीएमओ डॉ. महावीर सिंह फौजदार ने बताया कि आयुष्मान कार्ड के पात्रों की सूची स्वास्थ्य विभाग की आशाएं और सभी प्रधानों पर भी है। कोई व्यक्ति अपना नाम सूची में ऑनलाइन भी चेक कर सकता है। इसकी साथ अपने क्षेत्र की आशा और ग्राम प्रधान से भी मदद ले सकता है। सूची में जिसका भी नाम होगा, उसका कार्ड बनाया जाएगा।