करंट की चपेट में आकर संविदा कर्मी झुलसा
देवबंद (सहारनपुर)। सहारनपुर-मुजफ्फरनगर हाईवे स्थित रजबहे की पटरी के समीप विद्युत पोल पर काम करते समय संविदाकर्मी बिजली का करंट लगने बुरी तरह से झुलस गया। जिसे उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
मोहल्ला सराय निवासी कलीम उर्फ गुड्डू (35) पुत्र बिज्जू पिछले काफी समय से विद्युत विभाग में संविदा कर्मी के पद पर कार्य कर रहा था। बुधवार की सुबह कलीम सहारनपुर-मुजफ्फरनगर हाईवे स्थित रजबहे की पटरी पर लगे विद्युत पोल पर चढ़कर मरम्मत कार्य कर रहा था। कलीम ने फोन द्वारा बिजलीघर से शट डाउन लिया था। लेकिन शट डाउन नहीं मिला जिस पर वह करंट की चपेट में आकर बुरी तरह से झुलस गया। सूचना मिलते ही अधिकारी मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल कलीम को उपचार के लिए सीएचसी लाया गया। जहां से नाजुक हालत के चलते उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। लेकिन वहां से भी उसे दिल्ली के लिए रेफर किया गया है। अधिशासी अभियंता अनिल कुमार गर्ग ने बताया कि संविदा कर्मी कलीम उर्फ गुड्डू ने फोन से ही शट डाउन लिया था। लेकिन तालमेल की कमी के चलते शायद शट डाउन नहीं हुआ। जिस कारण उक्त हादसा हो गया। उन्होंने बताया कि इस मामले में किस स्तर पर चूक रही है इसकी जांच कराई जा रही है। इस मामले में जो भी आरोपी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।