एसडीएम ने अतिक्रमण हटवाने के निर्देश दिए
मोरना। भोकरहेड़ी में फैले अतिक्रमण की शिकायत की सुनवाई करते हुए एसडीएम जानसठ ने पुलिस बल के साथ सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण को शीघ्र हटाने के निर्देश दिए हैं। नगर पंचायत भोकरहेड़ी में पहुंचे एसडीएम जानसठ विजय कुमार से कस्बे में फैले अतिक्रमण की शिकायत की। सभासद पति रामबीर सिंह व ललीत सहरावत ने तालाब पर अतिक्रमण कर रास्ते को बंद करने की शिकायत की। इस पर एसडीएम ने मामले का गंभीरता पूर्वक संज्ञान में लेकर पुलिस बल के साथ अतिशीघ्र अतिक्रमण को हटाए जाने के निर्देश दिए।
स्वच्छता अभियान का सर्वेक्षण, चाबी जनता के हाथ
जानसठ। एसडीएम ने तहसील के राशन डीलरों की बैठक लेकर उन्हें बताया कि स्वच्छता अभियान का सर्वेक्षण करने की चाबी अब आम जनता को दी गई है। सरकार ने एक ऐप के माध्यम से प्रत्येक डीलर को 200 व्यक्तियों से इस ऐप पर मेसेज कराने का लक्ष्य दिया है।
बुधवार को तहसील सभागार में तहसील के समस्त उचित दर विक्रेताओं की बैठक लेते हुए एसडीएम विजय कुमार ने स्वच्छ अभियान के संबंध में बताते हुए कहा कि सरकार द्वारा क्षेत्र में स्वच्छता अभियान को जांचने के लिए एक ऐप द्वारा भारत स्वच्छ अभियान का सर्वेक्षण आम जनता के द्वारा कराया जा रहा है। एसडीएम ने प्रत्येक राशन डीलर को 200 मेसेज ऐप पर कराने का लक्ष्य दिया है। वहीं, उन्होंने आधार कार्ड रजिस्टर कार्ड धारकों की छाया प्रति शत प्रतिशत शीघ्र जमा कराने के दिशा निर्देश दिए। उचित दर विक्रेता खाद्य सुरक्षा अधिनियम में पारदर्शिता लाने के लिए नियम अनुसार वितरण व्यवस्था किए जाने के संबंध में दिशा निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक कार्ड धारक को उसका पूर्ण राशन मिलना चाहिए। शिकायत आने पर राशन डीलर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में पूर्ति निरीक्षक वेद प्रकाश अग्रवाल ने राशन डीलरों को आधार कार्ड रजिस्टर फीडिंग का कार्य शीघ्र पूरा करने के दिशा निर्देश दिए। बैठक में पूर्ति लिपिक मनोज कुमार, राशन डीलर अमरजीत सैनी, शमशु जमा कुरैशी, जय सिंह, राजू, सर्वेश, उषा, रईस, इलम चंद्र आदि मौजूद रहे।