ग्रामीणों ने बीडीओ और नायब तहसीलदार को बंधक बनाया
तितावी। नंगला पिथौरा में आए बीडीओ को ग्रामीणों में बंधक बना लिया। सूचना पर आए नायब तहसीलदार को भी बंधक बना कर अपने बीच बैठा लिया। बाद में पुलिस ने मौके पर जाकर ग्रामीणों को समझाबुझा कर दोनों अधिकारियों को बंधक मुक्त कराया।
नंगला पिथौरा गांव के भारी बारिश के चलते तालाब का पानी घरों के अंदर घुस जाने पर ग्रामीणों ने इसकी सूचना एसडीएम सदर को दी। इस पर एसडीएम सदर के निर्देश पर बघरा बीडीओ अशोक त्यागी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बीडीओ को बंधक बनाकर वहीं बैठा लिया और पानी की निकासी की समस्या का हल करने की बात कही। इसकी सूचना बीडीओ ने तहसीलदार सदर को दी। नायाब तहसीलदार शिव अवतार भी तालाब पर मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया और जल्द समाधन करने की बात कही। ग्रामीण इस बात से संतुष्ट नहीं हुए और नायाब तहसीलदार को भी वहीं बंधक बनाकर बैठा लिया। अधिकारियों को बंधक बनाने की सूचना पर तितावी पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे ग्रामीणों को समझाया, लेकिन ग्रामीण इस बात से शांत नहीं हुए। जिस पर भौराकलां पुलिस भी मौके पर पहुंची। गांव के जिम्मेदार लोगों के बीच पुलिस ने ग्रामीणों को साथ लेकर तहसील स्तर के अधिकारियों के बीच में मध्यस्थता कराकर जल्द ही गांव के तालाब के पानी की निकासी की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद हंगामा कर रहे ग्रामीण शांत हुए और दोनों अधिकारी को बंधनमुक्त किया।