अफसरों ने कांवड़ व्यवस्था को देखा
मुजफ्फरनगर। कांवड़ मार्ग की तैयारियों को लेकर शासन के निर्देश पर हरिद्वार के डीएम के साथ जिले के डीएम ने निरीक्षण किया। निरीक्षण में मिली खामियों पर अफसरों को सख्त निर्देश दिए गए। डीएम राजीव शर्मा ने नहर की पटरी बार्डर पर स्वागत द्वार बनाने के निर्देश दिए। मोहम्मदपुर जट से उत्तराखंड सीमा की ओर तीन स्वागत द्वार हरिद्वार प्रशासन द्वारा बनाए जाएंगे। तीन स्वागत द्वार जिले की सीमा में बनाए जाएंगे।
दोनों अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान निर्णय लिया कि मोहम्मदपुर पुल पर बैरियर भी लगाया जाएगा और भंडारे का स्थल बदलेगा। अपर गंग नहर पटरी पर उत्तराखंड की सीमा प्रारंभ होने के स्थान से लाइट आदि की व्यवस्था डीएम हरिद्वार द्वारा कराई जाएगी। डीएम राजीव शर्मा एवं एसएसपी अनंतदेव तिवारी ने बताया कि हरिद्वार प्रशासन के सहयोग से जरूरी सूचनाओं का आदान प्रदान भी होगा। कांवड़ियों को मोटिवेट कराया जाएगा कि नहर पटरी कांवड़ मार्ग का उपयोग करें। नहर पटरी पर लाइट, पानी, टेंट सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहेगी। चीनी मिल प्रबंधन द्वारा भी नहर पटरी पर आठ कैंप दो तीन दिन के अंदर लगा दिए जाएंगे। कैंप स्थलों पर वाटर प्रूफ टेंट, म्यूजिक और भव्य स्वागत द्वार बनाया जाएगा। डीएम हरिद्वार दीपक रावत, एडीएम प्रशासन हरीश चंद्र, एसपी सिटी ओमबीर सिंह, सहित हरिद्वार एवं मुजफ्फरनगर के सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।