खतौली। नगर की महिलाओं ने देशी शराब का ठेका खोलने के विरोध में हंगामा करते हुए प्रदर्शन किया। ठेके पर आक्रोशित महिलाओं ने शराब का ठेका लिखे नाम पर कालिख पोत करके विरोध जताया। उन्होंने ठेका बंद कराने की मांग को लेकर एक ज्ञापन थाने पहुंचकर इंस्पेक्टर को सौंपा।
जीटी रोड पर दयालपुरम कालोनी के जाने वाले रास्ते तथा ग्रोवर ऑटो पार्ट्स की दुकान के बराबर में नया देशी शराब का ठेका खोला जा रहा है। जिसको लेकर कालोनी के लोगों में भारी रोष व्याप्त है। रविवार को कालोनी के नागरिक व महिलाएं एकत्र होकर शराब के ठेका पर पहुंची। नागरिकों ने शराब का ठेका खोलने के विरोध में हंगामा व प्रदर्शन किया। आक्रोशित महिलाओं ने दुकान पर लिखे शराब का देशी ठेका के नाम पर कालिख पोत डाली। इसके बाद महिलाआएं थाने में पहुंचीं और शराब ठेका खोले जाने के विरोध में प्रदर्शन किया। कहा कि जिस जगह पर नया ठेका खोला जा रहा है। उसके बराबर से कालोनी के लोग आते जाते हैं। स्कूल के लड़के और लड़कियां भी स्कूल जाती आती हैं। इतना ही ठेका के सामने बालाजी का मंदिर भी है। इस ठेका के खुलने से लोगों को परेशानियां उठानी पड़ेगी। नागरिकों ने इंस्पेक्टर अंबिका प्रसाद भारद्वाज को शराब का ठेका बंद कराए जाने की मांग का एक ज्ञापन सौंपा। हंगामा व प्रदर्शन करने वालों में शुभम शर्मा, संजीव शर्मा, विनोद ठाकुर, विभांशु पंडित, शशी, संतोष, सवित्रा, ललीता, बबीता, जितेंद्र, प्रहलाद आदि नागरिक शामिल रहे।