जिले के लोहा उद्योग में जान डालेंगे: महाना
मुजफ्फरनगर। जिले की बंद पड़ी 27 लोहा फैक्ट्रियों के पुन: संचालन की उम्मीद बढ़ गई है। प्रदेश के औद्योगिक मंत्री सतीश महाना ने लोहा उद्योग के लिए अलग से पॉलिसी बनाने की बात कही है। उद्यमियों को बैंक कर्ज में छूट और दोबारा फैक्ट्री शुरू करने में सहयोग दिया जाएगा।
जिला कृषि एवं औद्योगिक प्रदर्शनी में उद्घाटन समारोह में भाग लेने आए सतीश महाना ने कहा कि सरकार प्रदेश में उद्योगों को बढ़ावा देने में कृत संकल्प है। यूपी समिट उसी का एक प्रतिफल है। जिले में मंदी के चलते 2013 से अब तक 27 लोहे की बड़ी फैक्ट्री बंद हो चुकी हैं। इन फैक्ट्रियों के मालिक कर्ज में डूबे हैं और दोबारा शुरू करने के लिए भी उनके पास पैसा नहीं है। बैंकों का कर्ज देना ही उनके लिए भारी पड़ रहा है। ऐसे सभी उद्यमियों के लिए सरकार एक पॉलिसी तैयार कर रही है। पुराने कर्ज में छूट देने के साथ दोबारा फैक्ट्री चलाने के लिए भी उद्यमियों को प्रोत्साहित किया जाएगा। सांसद डॉ संजीव बालियान और विधायक कपिलदेव अग्रवाल ने उद्योगों को दोबारा चलवाने के लिए औद्योगिक मंत्री को उद्यमियों की ओर से कुछ दिन पूर्व ज्ञापन दिलवाया था।