बालियान और योगराज सिंह ने दिव्या का बढ़ाया मनोबल
मंसूरपुर (मुजफ्फरनगर)।
कॉमनवेल्थ गेम्स की कांस्य पदक विजेता दिव्या काकरान का मनोबल बढ़ाने सांसद संजीव बालियान उसके घर पहुंच गए। रालोद नेता एवं पूर्व मंत्री योगराज सिंह ने भी दिव्या के घर पहुंचकर उसकी हौसला अफजाई की। सांसद ने खेल मंत्री चेतन चौहान से फोन पर बातचीत कर कॉमनवेल्थ गेम्स के विजेताओं को मिलने वाली धनराशि में बढ़ोतरी करने की मांग की। इसके बाद दिव्या दिल्ली रवाना हो गई। उसने कहा कि वह जुलाई में जूनियर एशियन चैंपियनशिप के लिए खूब मेहनत करेगी। दूसरे दिन भी गांव पुरबालियान में खिलाड़ी दिव्या का ग्रामीणों तथा आसपास के क्षेत्र के लोगों द्वारा स्वागत करने का तांता लगा रहा।
गांव पुरबालियान में ग्रामीणों ने सांसद संजीव बालियान से कहा की हरियाणा में कांस्य पदक विजेता खिलाड़ी को 50 लाख रुपये दिए जा रहे हैं, जबकि उत्तर प्रदेश सरकार केवल 15 लाख रुपये ही दे रही है। इस पर सांसद ने खेल मंत्री से फोन पर वार्ता कर धनराशि को हरियाणा के बराबर करने तथा दिव्या को सरकारी नौकरी देने की सिफारिश की। खेल मंत्री ने इन मांगों पर गंभीरता पूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने दिव्या के नाम पर जिले में कुश्ती एकेडमी खोलने की भी मांग की। सांसद ने कहा कि खेल मंत्री व मुख्यमंत्री के सामने प्रस्ताव रखेंगे। रालोद नेता एवं पूर्व मंत्री योगराज सिंह ने कहा कि दिव्या को कम से कम 50 लाख रुपये तथा सरकारी नौकरी मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार यह सब कर रही है। यदि प्रदेश सरकार ऐसा नहीं करती है, तो जिले की सड़कें जाम कर दी जाएगी। इस दौरान दीपक बालियान, नीरज पहलवान, संदीप बालियान, सूरज, वीर सिंह, राजेंद्र सिंह, नंदकिशोर पांचाल, सम्राट सिंह, शेखर, सलोनी, संतोष प्रधान आदि मौजूद रहे।