हादसे में कर्मचारी की मौत
मंसूरपुर। मेरठ के जटौली निवासी 25 वर्षीय राहुल पुत्र विजय सिंह एटूजेड वर्कशॉप में कर्मचारी था। वह सोमवार को शाम दीवार के पास बैठकर मोबाइल पर बात कर रहा था। कंपनी का ही एक कर्मचारी जब वहां से गाड़ी लेकर गुजर रहा था, तो राहुल गाड़ी और दीवार के बीच में फंसकर घायल हो गया। घायल को बेगराजपुर मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया, जहां पर उपचार के दौरान राहुल की मौत हो गई।
मिल के कांटे सही निकले
खतौली। त्रिवेणी शुगर मिल में सोमवार को शाम के समय लखनऊ से पहुंचे संयुक्त गन्ना आयुक्त डा. आरसी पाठक ने मिल गेट के कांटों की जांच पड़ताल की। इस दौरान कांटे सही तौल करते पाए गए। उन्होंने गन्ना विकास एवं गन्ना खरीद से संबंधित कई विषयों पर मिल अधिकारियों से चर्चा करते हुए कहा कि किसानों को एमएचएटी संयंत्र द्वारा बीज शोधन की प्रगति, मृदा परीक्षण, पोषक तत्वों की उपलब्धता एवं प्रति बीघा उर्वरकों के प्रयोग की मात्रा की जानकारियां दी जाए। इस दौरान जिला गन्ना अधिकारी ओपी सिंह, सहायक महाप्रबंधक गन्ना एके सिंह, भूपेंद्र सिंह आदि अधिकारीगण मौजूद रहे।