मुजफ्फरनगर। यूपी बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओँ के मूल्यांकन का शिक्षकों ने विरोध करने का ऐलान कर दिया है। शनिवार से शहर में चार केंद्रों पर हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की कॉपियों की जांच प्रारंभ होनी थीं, लेकिन उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ने मूल्यांकन कार्य का बहिष्कार करने की घोषणा कर दी। जिलाध्यक्ष शिवकुमार यादव के नेतृत्व में शिक्षकों ने डीआईओएस कार्यालय पर धरना भी दिया।
यूपी बोर्ड की कॉपियों का मूल्यांकन शहर के जीआईसी, डीएवी इंटर कालेज, इस्लामिया इंटर कालेज और ग्रेन चेंबर इंटर कालेज में किया जाना है। शनिवार को मूल्यांकन कार्य शुरू होना था। जिले में करीब डेढ़ लाख कॉपियां आई हैं, जिन्हें एक हजार से ज्यादा शिक्षक जांचेंगे। निर्धारित केंद्रों पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ से जुड़े अध्यापकों ने अपनी समस्याओं का निस्तारण नहीं किए जाने पर मूल्यांकन कार्य का बहिष्कार कर दिया है। संघ के मंत्री हेमंत कुमार विश्नोई के मुताबिक शिक्षकों ने डीआईओएस कार्यालय पर एक दिवसीय धरना दिया और अपनी मांगें उठाई। जिलाध्यक्ष शिवकुमार यादव के नेतृत्व में शिक्षकों ने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, धरना जारी रहेगा। धरने पर सुनील गुप्ता, डॉ. देशराज सिंह, डॉ. विनोद कुमार, डॉ. अमित कुमार जैन, रविंद्र राठी, वीरेंद्र सिंह पटेल, डॉ. अजय, भूपेंद्र शर्मा मौजूद रहे।