फर्जी नामजदगी में नहीं जाएगा कोई जेल
बुढ़ाना।
एसएसपी अनंतदेव तिवारी ने कहा की झूठे मुकदमों में कोई निर्दोष जेल नहीं जाएगा। उन्होंने कहा की लोग आपस में मिलजुलकर ,बैठकर विवादों को सुलझाएं।
एक बैंक्वट हाल में आयोजित एस -7 तथा एस-10 कमेटियों की बैठक में एसएसपी ने कहा कि भूमाफिया और बदमाशों को किसी भी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा। एसएसपी अनंतदेव तिवारी ने किसी भी छोटे व बड़े अपराधी को बख्शा नही जाएगा। अपराधों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस का सहयोग करना चाहिए। आप सभी के सहयोग से क्षेत्र में भयमुक्त समाज का नारा पूरा हो सकता है। एसएसपी ने क्षेत्र के थानों की पुलिस को एक सप्ताह का समय देते हुए कहा की वे अपनी कमियों का सुधार कर ले वरना दूूसरी जगह भेज दिए जाएंगे। पुलिस व जनता का सीधा संवाद हो। उन्होंने कहा की हमने आपके सहयोग से आठ महीने में बड़े से बड़े अपराधी को मार गिराया है। क्राइम करने वाले बदमाश अन्य प्रदेशों में जाकर छिप गए हैं। कुछ अपराधी पुलिस के डर के कारण अपनी जमानतें तुड़वाकर जेल में चले गए हैं। भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र त्यागी ने कहा कि सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सत्ता संभालते ही पूरे प्रदेश को भयमुक्त प्रदेश का नारा देकर पुलिस को खुली छूट दी थी। अपराधी कोई भी हो कितना भी बड़ी रसूखदार क्यों न हो छोड़ा नहीं जाएगा। एसएसपी ने प्रदेश सरकार के निर्देशों पर चलकर मुजफ्फरनगर जिले से अपराध को मिटाने का सराहनीय प्रयास किया है। इस मौके पर एसएसपी ने बुढ़ाना कोतवाली के सभी चौकीदारों को कंबल वितरित किए। मीटिंग में मौजूद सभी लोगों ने शहीद कांस्टेबल अंकित तोमर को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर सीओ हरीराम यादव, एसडीएम कुमार भूपेंद्र , ब्लॉक प्रमुख अजित सिंह, सपा नेता सुबोध त्यागी , तौसीफ राही, प्रताप नारायण, गुलाम मोहम्मद, मुखराम, संगीत गर्ग, भारत कोरी, पुनीत, मोनू, नजर मोहम्मद त्यागी, एहतशाम उल हक के अलावा जमीयत उलमा-ए हिंद की शाखा बुढ़ाना व हिंदू युवा वाहिनी के सभी कार्यकर्ता मौजूद रहे।