डीएवी और एसडी कॉलेज में मतदान आज
मुजफ्फरनगर। जिले में पांच साल बाद छात्रों की सरकार बनेगी। एसडी और डीएवी कॉलेज में सोमवार को मतदान होगा। दोनों कालेजों में कुल में 2344 छात्र-छात्राएं चार पदों पर खड़े 26 प्रत्याशियों का चुनाव करेंगे। डीएवी कॉलेज में कोषाध्यक्ष पद पर निर्विरोध चुनाव हो चुका है। रविवार को कालेजों में मतदान को लेकर व्यवस्थाएं दुरुस्त की गई है। सुरक्षा के लिए पुलिस फोर्स का पहरा रहेगा।
तत्कालीन प्रदेश सरकार (सपा) शासन में जिले में छात्रसंघ चुनाव पर रोक लगा दी गई थी। वर्ष 2013 में हुए सांप्रदायिक दंगे के बाद कॉलेजों में चुनावी गतिविधियों की मनाही रही। लंबे संघर्ष के बाद कालेजों ने छात्रसंघ चुनाव के लिए हरी झंडी दी है। एसडी और डीएवी कॉलेज में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और गठबंधन (रालोद-सपा, कांग्रेस) के प्रत्याशियों ने ताल ठोकी है। रविवार को कॉलेजों में चुनावी सेल मतदान को लेकर तैयारियों में जुटी रही। कॉलेजों में बैलेट पेपर से चारों पद मतदान किया जाएगा। इसके लिए वोटरों की संख्या आंकलन किया गया है। एसडी कॉलेज में 1152 छात्र-छात्राएं चार पदों पर खड़े 13 प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटी में कैद करेंगे, जबकि डीएवी कालेज में 1192 मतदाता चुनाव में प्रतिभाग करेंगे। इस कॉलेज में भी चार पदों पर 13 प्रत्याशी खड़े हैं। कालेज प्रशासन ने मतदान को लेकर सुरक्षा के साथ अन्य तथ्यों को पूरा कर लिया है।
नौ से दोपहर दो बजे तक पड़ेंगे वोट
मुजफ्फरनगर। दोनों कालेजों में सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे तक मतदान किया जाएगा। मतदान करने के लिए वोटरों को दिशा-निर्देश दिए हैं। मतदाता के पास कालेज का आईकार्ड, एडमिशन रसीद के साथ छात्रसंघ शुल्क की (10 रुपए) रसीद लानी अनिवार्य होगी। उसी के आधार पर मतदान किया जाएगा।
कॉलेजों के बाहर तैनात रहेगी फोर्स
मुजफ्फरनगर। एसडी और डीएवी कॉलेज में मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस फोर्स तैनात रहेगी। कॉलेजों ने प्रशासन से चुनाव के लिए पर्याप्त फोर्स मांगी है, ताकि किसी अप्रिय घटना, छात्रों के हुडदंग को काबू किया जा सके। दोनों कालेजों पर महिला, पुरुष दोनों वर्ग के पुलिस कर्मचारियों को तैनात रखा जाएगा।
सोमवार को ही परिणाम
छात्रसंघ चुनाव में मतदान के बाद मतगणना की जाएगी। सोमवार शाम को ही चुनावी परिणाम की घोषणा होगी, जबकि तत्काल छात्रसंघ पदाधिकारियों को पद और गोपनीयता की शपथ ग्रहण कराई जाएगी।
इनके भाग्य का होगा फैसला
एसडी कालेज::
अध्यक्ष: अर्जुन, अंशु मलिक (एबीवीपी)
उपाध्यक्ष: नितिन गौतम (एबीवीपी), अमन धीमान, विजय कुमार (गठबंधन), सोनिया।
महामंत्री: मीनाक्षी (गठबंधन), विशाल कश्यप, विशाल शर्मा (एबीवीपी)।
संयुक्त सचिव: शुभम, कार्तिक गोयल (एबीवीपी), अमन कुमार, अनुज वर्मा।
डीएवी डिग्री कॉलेज::
अध्यक्ष: दीपक (गठबंधन), गौरव (एबीवीपी), डॉली, मोहिनी, सोनी।
उपाध्यक्ष: गौरी चौहान (एबीवीपी), शाहरुख मलिक (गठबंधन)।
महामंत्री: चिराग (गठबंधन), अजमा परवीन, शुभम सैनी (एबीवीपी)।
संयुक्त सचिव: अमन जैन (एबीवीपी), ऋषभ चौधरी (गठबंधन)।