अफसरों ने पूरी की जीएसटी की तैयारी
मुजफ्फरनगर। वाणिज्य कर विभाग ने जीएसटी को लेकर सभी तैयारी पूरी कर ली हैं। सिटी सेंटर स्थित ऑफिस को दुल्हन की तरह सजाया गया है। एक जुलाई को सुबह 10.30 बजे से 12.30 बजे तक जीएसटी समारोह का आयोजन होगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारी भी लेंगे भाग।
तीस जून की रात्रि से देश में जीएसटी का कानून लागू हो गया। जीएसटी कानून को लेकर वाणिज्यकर विभाग ने पूरी तैयारी कर ली है। जीएसटी के स्वागत में विभाग के कार्यालय को दुल्हन की तरह सजाया गया है। अधिकारी भी जीएसटी के स्वागत में जुटे हैं। जीएसटी के नोडल अधिकारी डीएस गौतम ने बताया कि एक जुलाई को सिटी सेंटर में जीएसटी दिवस मनाया जाएगा। जीएसटी का स्वागत किया जाएगा। जीएसटी के स्वागत समारोह में शहर के व्यापारी बड़ी संख्या में भाग लेंगे। समारोह में सीए, अधिवक्ता भी आमंत्रित रहेंगे। इस अवसर पर जीएसटी से संबंधित सवाल पूछे जाएंगे, जवाब देने वालों को पुरस्कृत किया जाएगा। जीएसटी का स्वागत भव्य रूप से किया जाएगा।
प्रशासनिक अफसर भी लेंगे प्रशिक्षण
मुजफ्फरनगर। जीएसटी का जिला स्तरीय प्रशासनिक अधिकारी भी प्रशिक्षण लेंगे। तीन जुलाई को जिला पंचायत के सभागार में डीएम की अध्यक्षता में प्रशिक्षण कार्यक्रम होगा। जनपद स्तर के 37 अधिकारियों के साथ जनवाणी और लोकवाणी केंद्रों के संचालकों को भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिला ट्रेनर एवं नोडल अधिकारी डीएम गौतम प्रशिक्षण देंगे।